Spread the love

शिमला। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को राज्यभर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों के बाहर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और भाजपा पर जमकर हमले बोले।
शिमला में जिला कांग्रेस कमेटी शहरी जितेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी विशेष तौर पर भाग लिया। राठौर ने इस दौरान उत्तर प्रदेश में केद्रीय मंत्री के बेटे द्वारा चार किसानों को गाड़ी से कुचल कर मारने पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश में जंगल राज के चलते सत्ता से जुड़े लोग सरेआम गम्भीर अपराध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना से साफ है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 
कुलदीप राठौर ने उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा की गिरफ्तारी को पूरी तरह अलोकतांत्रिक करार देते हुए कहा कि भाजपा देश में लोकतंत्र का गला घोंट रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने से साफ है कि भाजपा अपने गुनाहों को छुपाने का पूरा प्रयास कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों की इस हत्या के लिए सीधे तौर पर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में कथित तौर पर शामिल मंत्री के बेटे ने कुछ दिन पूर्व इस आंदोलन को कुचलने की सार्वजनिक धमकी दी थी, लेकिन उस समय प्रशासन ने उसके खिलाफ कोई भी कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते प्रशासन ने कोई कार्रवाई की होती तो इन किसानों की हत्या न होती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हत्याकांड पूर्व सुनियोजित था।
राठौर ने कहा कि देश मे तीन काले कृषि कानूनों को लेकर किसानों का यह आंदोलन एक साल का होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इसे दबाने का पूरा प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि किसान टस से मस नहीं हुए है और वह इन तीनों काले कानूनों को रद्द करने की मांग पर अडिग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी।
राठौर ने कहा कि भाजपा हमेशा ही किसान व बागवान विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी बागवानों पर तत्कालीन भाजपा सरकार ने गोलियां बरसाई थी, जिसमें हमारे तीन बागवान शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों व बागवानो की गुनहगार है, इसे कभी माफ नहीं किया जा सकता।
इससे पूर्व, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल व जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने भी किसानों की हत्या पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक आदर्श सूद, केहर सिंह खाची, हरिकृष्ण हिमराल, अमित नंदा, बलदेब ठाकुर, प्रदीप वर्मा, किरण धान्टा, शशि बहल, रामकृष्ण शांडिल, वनीता वर्मा, आनंद कौशल, आकाश सैनी, अमित, राहुल मेहरा, बलदेव पुरी, श्रीकांत शर्मा, राजेश वर्मा, मुकुल गुप्ता, भूपेंद्र कंवर, अतर सिंह, किरण शर्मा, मीरा शर्मा के अतिरिक्त सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *