शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि प्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के उपचुनावों में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और चारों सीटों को जीतेगी। मुख्यमंत्री ने महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस से सवाल किया कि उनके कार्यकाल के समय कितनी महंगाई घटी थी।
शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनावों में विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएंगे और भाजपा चारों सीटों पर बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में हिमाचल का भरपूर विकास हुआ और विकास कार्य रुके नहीं। उनकी सरकार का 4 साल का कार्यकाल बेहतर रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, जिसको लेकर वे जनता के बीच जाकर वोट मांग सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास मज़बूत संगठन एवं मज़बूत नेतृत्व है। सरकार व संगठन मिलकर इन चुनावों में जीत सुनिश्चित करेंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बीते दो दिनों से अपने गृह हलके सराज में डटे थे, जहां उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को चार्ज कर जीत का मंत्र दिया है।
