????????????????????????????????????
Spread the love

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक देश भर में लगभग 75 लाख किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित करने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने तीर्थ नगरी प्रयागराज से इस अभियान का शुभारंभ किया है। इसमें नेहरू युवा केंद्र, इससे संबंधित युवा संगठन, एनएसएस और अन्य संस्थाओं के अलावा आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। इस अभियान के दौरान हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक गांव से 20-20 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाएगा। वे शनिवार को सुजानपुर में स्वयंसेवी संस्था दिशा फाउंडेशन, प्रयास संस्था, स्थानीय नगर परिषद और अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।  इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि गांधी जयंती पर प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता अभियान से जुड़ने का संकल्प लेना चाहिए। अगर आम लोग स्वच्छता के प्रति जागरुक होंगे तो पूरा देश स्वयं ही स्वच्छ हो जाएगा और हम आने वाले पीढिय़ों को स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त समाज दे सकेंगे। उन्होंने आम जन से आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति हमारी सोच बदलेगी तो हमारा समाज भी बदलेगा। केंद्रीय मंत्री ने पेयजल स्रोतों को भी स्वच्छ रखने का आग्रह किया। 
प्रयास संस्था और दिशा फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रयास के माध्यम से आरंभ की गई सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से अभी तक 6 लाख लोगों को उनके घरद्वार पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। अब हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बाहर भी इस स्वास्थ्य सेवा का विस्तार किया गया है। इसके लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस 32 गाडिय़ां गांव-गांव जाकर लोगों के निशुल्क टैस्ट, चेकअप, दवाईयां और उपचार उपलब्ध करवा रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने प्रयास संस्था के पदाधिकारियों से कहा कि वे अन्य संस्थाओं को भी इससे जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक लोगों इसका लाभ मिल सके।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर में खेल गतिविधियों की बहुत अच्छी संभावनाएं हैं। अगर स्थानीय निवासी सर्वसम्मति से प्रस्ताव तैयार करते हैं तो यहां खेल के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवा खेलों में भी अपना भविष्य बना सकें। उन्होंने बताया कि धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना की सभी औपचारिकताएं पूर्ण करवाकर इसका कार्य आरंभ कर दिया गया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संधोल के लिए जमीन की हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सुजानपुर में भी केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दाड़ला में किया नंदघर का उदघाटन
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव मिहाड़पुर में अनिल अग्रवाल फाउंडेशन एवं ममता एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में विकसित किए गए 25वें नंदघर का शुभारंभ किया। यह नंदघर आधुनिक बाल विकास सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने पंचायत परिसर में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दाड़ला पंचायत को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत सभी आधुनिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने देर शाम को गांव मझोग खास में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत लगभग एक करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से अपग्रेड की गई सड़क का लोकार्पण भी किया। इस सड़क से लगभग 20 गांवों के 4 हजार लोग लाभान्वित होंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *