शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्षों के मौके पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम हर हलके होंगे। इस मौके पर निकलने वाली स्वर्णिम रथ यात्रा के अनेकों कार्यक्रम सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में मनाए जाएंगे। यह निर्णय सोमवार को हुई भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में लिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं सह प्रभारी संजय टंडन भी उपस्थित रहे।
बैठक में सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा द्वारा निकाली गई आशीर्वाद यात्रा का भी अच्छा रिस्पॉन्स आया था। वहीं, सेवा ही संगठन भाग 1 और भाग 2 के कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जन सेवा के पुण्य कार्य मे बढ़ चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर जनता की सेवा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नेतृत्व में वैक्सीनशन की प्रथम डोज़ लगाने में देश भर में नंबर वन आया है। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है और 30 नवंबर तक प्रदेशवासियों को दूसरा वैक्सीनशन का डोज़ भी लग जाएगा।
कश्यप ने कहा कि देश मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृव में एक सशक्त सरकार चल रही है और हमारा देश पूरे विश्व में सेवा एवं कोविड वैक्सीनेशन में अग्रिम भूमिका में है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का हिमाचल दौरा भी अच्छा रहा। भाजपा ने सेवा और समर्पण अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाखों पोस्ट कार्ड द्वारा कल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले चुनावी वर्ष के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है और 2022 में एक बार फिर भाजपा हिमाचल में सशक्त सरकार बनाएगी।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति तय की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा 2 अक्टूबर को सेवा और समर्पण अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाएगा, जिसमें नदियों के स्रोत की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर जैसे ही चुनावों की तिथि तय हो जाएगी, वैसे ही भाजपा चुनावों में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कृषि आंदोलन हिमाचल में बेअसर है। किसान संगठनों के साथ सरकार अनेकों बैठकें कर चुकी है, लेकिन किसान संगठन अड़ियल रवैया अपनाए हुए है।
