शिमला। प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। सुरेश भारद्वाज अपने विभागों से संबंधित विकास कार्यों के संबंध में मंत्रियों और अन्य नेताओं से मिलने के लिए दिल्ली में हैं।
जेपी नड्डा के साथ बैठक के दौरान भारद्वाज ने उन्हें अपने विभागों में किए गए विकास कार्यों और पहल के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने जेपी नड्डा को सहकारी क्षेत्रों में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को बढ़ावा देने के संबंध में राज्य सहकारिता विभाग की पहल के बारे में भी बताया।
शहरी विकास मंत्री ने जगत प्रकाश नड्डा को बताया कि राज्य में कुछ एफपीओ पंजीकृत हैं, लेकिन उनमें से कोई भी सहकारी क्षेत्र में पंजीकृत नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य एफपीओ को बढ़ावा देने के लिए एक नीति तैयार कर रहा है और एक वर्ष के भीतर 100 एफपीओ पंजीकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रत्येक एफपीओ न्यूनतम 100 किसानों को जोड़ेगा।
सुरेश भारद्वाज ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को राज्य में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं तथा अन्य केंद्रीय योजनाओं के तहत शुरू होने वाले विभिन्न कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश में किए गए प्रयासों की सराहना की और हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया। वहीं, सुरेश भारद्वाज ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष से भी भेंट की। यह शिष्टाचार भेंट थी।
