Spread the love

रिकांगपिओ। किन्नौर जिला में 15 अक्टूबर 2021 तक सभी पात्र व्यक्तियों को कोविड प्रतिरोधी दूसरा टीका लगाया जाएगा। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने वीरवार को कोविड रोधी दूसरे टीके संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। डीसी ने जिले के ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों से भी आग्रह किया जिन्हें कोविड प्रतिरोधी प्रथम टीका लगाए 84 दिन हो गए हैं वे सभी व्यक्ति कोविड का दूसरा टीका अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले में अभी भी ऐसे लगभग 21 हजार 624 व्यक्ति हैं, जिनको कोविड प्रतिरोधी का पहला टीका लगाए 84 दिन हो गए हैं, परन्तु उन्होंने दूसरा टीका नहीं लगाया है। 
उपायुक्त ने जिले के अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी पूह व उपमण्डलाधिकारी निचार तथा कल्पा को निर्देश दिए कि वे टीकाकरण कार्य को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को कोविड का दूसरा टीका लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लागों को वैक्सीनेशन सैंटर तक लाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा-वर्कर व पटवारी का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 सितम्बर, 2021 से कोविड का दूसरा टीका मिशन मोड पर लगाना आरंभ किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए कि 27 सितम्बर, 2021 तक लक्ष्य के 90 प्रतिशत व्यक्तियों का टीकाकरण सुनिश्चित बनाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने बताया कि 24 सितम्बर, 2021 से जिले के सभी 29 सामुदायिक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों से भी आग्रह किया कि वे कोविड का दूसरा टीका अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि जब तक हम कोविड का दूसरा टीका नहीं लगाएंगे तब तक हम कोविड से सुरक्षित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कोविड के दोनों टीके लगने के बाद ही इसका प्रभावी असर होता है। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी पूह अश्वनी कुमार, उपमण्डलाधिकारी निचार मनमोहन सिंह, उपमण्डलाधिकारी कल्पा स्वाति डोगरा, शिक्षा विभाग के उपनिदेशक व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *