Spread the love

पीएम नरेंद्र मोदी के संवाद कार्यक्रम का पंचायत स्तर पर होगा सीधा प्रसारणः डीसी 
कार्यक्रम पर उपायुक्त राघव शर्मा ने अधिकारियों के साथ की बैठक, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
ऊना। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश में कोविड के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले हेल्थ वर्कर व मोटिवेटर से 6 सितंबर को वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। इसका सीधा प्रसारण पंचायत स्तर पर किया जाएगा। पीएम के संवाद कार्यक्रम के संदर्भ में बुलाई गई एक बैठक में उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
डीसी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 18 प्लस आयु वर्ग के सभी नागरिकों को कोविड वैक्सीनेशन लगाने के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया है और राज्य पूरे देश में अव्वल रहा है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य पर 6 सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला के प्रत्येक विस क्षेत्र में दो-दो स्थानों पर एलईडी के जरिए दिखाया जाएगा, जिसके स्थान सभी एसडीएम जल्द से जल्द चिन्हित करें। राघव शर्मा ने कहा कि सभी एसडीएम, बीडीओ भी वर्चुअली शामिल होंगे। शहरी निकायों के अलावा पंचायतों में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल होंगे और विशेष रूप से लाभार्थियों को भी बुलाया जाएगा। उन्होंने लाभार्थियों व कोविड वैक्सीनेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों की सूची जल्द से जल्द सौंपने को कहा। उन्होंने सभी तैयारियां तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। बैठक में सभी एसडीएम, बीडीओ तथा बीएमओ उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने इसी कार्यक्रम के सिलसिले में शिमला से सभी उपायुक्तों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें उपायुक्त राघव शर्मा भी शामिल हुए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *