Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन में हिमाचल प्रदेश का अव्वल आना प्रदेश के लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और सरकार की बड़ी उपलब्धि है। प्रदेशवासियों की गंभीरता और स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता से ही इस लक्ष्य को हासिल किया गया है। प्रदेश सरकार खासकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिस तरह व्यक्तिगत रूप से वैक्सीनेशन को सफल बनाने के लिए तत्परता दिखाई, उसने बेहतरीन परिणाम दिए हैं। आज प्रदेश का हर व्यक्ति पहली डोज ले चुका है, जो कोरोना के खिलाफ जंग में अहम पड़ाव है। 
विनोद ठाकुर ने कहा कि जयराम सरकार ने तमाम मुश्किलों और चुनौतियों का सामना करते हुए वैक्सीनेशन अभियान को न थमने दिया न ही कमजोर पड़ने दिया। वैक्सीनेशन ही कोरोना के खिलाफ जंग का एक बड़ा हथियार था। उसका पहला पड़ाव रिकॉर्ड समय और जीरो वेस्टेज के साथ हासिल करना अपनेआप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारियों ने जिस लगन के साथ इस मुहिम को मुकाम तक पहुंचाया, उसने आज प्रदेश को महामारी से लड़ने में सक्षम बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है।  ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक वैक्सीन पहुंचाना सरकार और प्रदेश के कर्मचारियों के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन यह सभी कर्मचारियों के हौसले के आगे बौनी साबित हुईं। जहां सड़क से वैक्सीन नहीं पहुंचाई जा सकी, वहां हैलीकॉप्टर से पहुंचाई गई, लेकिन अंतिम व्यक्ति तक इसे पहुंचाने में पूरी ऊर्जा और संसाधनों को झोंक दिया गया। हालांकि इस सब के बीच जो एक चीज हमेशा खलती रहेगी वह है विपक्षी दलों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने जनता को गुमराह करने के प्रयास किए, सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिशें की। 

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अगर अब भी कोई वैक्सीनेशन से छूट गया हो तो उसे भी वैक्सीनेट करने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब गांव-गांव में हैल्थ टीमें वैक्सीनेशन करने जाएंगी, ताकि हर इंसान की इस महामारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि दूसरी डोज के लिए भी इसी कर्मठता और तत्परता के साथ अभियान छेड़ा जाएगा, ताकि हिमाचल जल्द कोरोना के खिलाफ मजबूती के साथ खड़ा हो सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *