Spread the love

शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा है कि भारी बरसात में ऊपरी क्षेत्र में अधिकतर संपर्क सड़कें बंद पड़ी हैं। इससे बागवानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।छाजटा ने कहा कि शिमला जिले में सेब सीजन गति पकड़ चुका है और सड़कों के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। सड़कों में गड्ढे या गड्ढों में सड़क, इसमें कोई अंतर नहीं रहा है। इससे सरकार द्वारा की गई व्यवस्था की पोल खुल गई है। उन्होंने कहा कि कि प्रदेश भाजपा सरकार आगामी उपचुनाव को लेकर ज्यादा व्यस्त दिख रही है और इसको देखते हुए कोरी घोषणा कर जनता को गुमराह कर रही है, लेकिन जनता इनकी बातों में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आज होना तो यह चाहिए था कि और सेब सीजन को देखते व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाता, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। 
यशवंत छाजटा कहा कि जगह-जगह भू-स्खलन हो रहा है, जिससे बागवानों-किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ने कहा कि बरसात से खराब सड़कों के कारण सेब मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर मानसून से लड़ने के लिए विफल साबित हो रही है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सभी सड़कों को तुरंत खोला जाए, ताकि बागवानों को किसी परेशानी का सामना ना कर पाए और उनकी फसल सुरक्षित मंडियों तक पहुंच सके।

छाजटा ने लगातार बढ़ रही पेट्रोल, डीजल की कीमतों पर भी घेरा सरकार को
छाजटा ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार पेट्रोल व डीजल की कीमतें आसमान छू रही है और भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद में सो कर जनता को बड़े घरानों के हवाले लूट के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि जहां पेट्रोल व डीजल की कीमतों से आम जनता को भारी महंगाई का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बागवानों को सेब के कार्टन के मूल्य लगभग 25 रुपए का इजाफा और दूसरी और सेब ढुलाई के भाड़े में भारी इजाफा हुआ है। इससे बागवानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। उनका कहना था कि बीते साल के मुकाबले इस बार 10 से 12 फ़ीसदी अधिक भाड़ा बागवानों को चुकाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई दूर करने के वादे से सत्ता में आई थी। उनका यह वादा पूरी तरह झूठा साबित हुआ है और देश प्रदेश में महंगाई के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। रसोई गैस और खाने का तेल, दालें हो या अन्य खाद्यान्न, सभी का मूल्य बढ़ने से लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। छाजटा ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई प्रदेश के डिपुओं में सस्ते राशन की योजना भी दम तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोरोना, तो दूसरी तरफ महंगाई दोनों की मार आम व गरीब लोगों पर भारी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार के झूठे वादे जान गई है और आगामी उपचुनाव व प्रदेश के 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्तासीन होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *