Spread the love

शिमला। डबल इंजन की सरकार की जनविरोधी नीतियों का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। यह बात पूर्व सांसद व वर्तमान विधायक धनी राम शांडिल ने जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के बलसन की पंचायतों प्रेमनगर और महासू में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुष पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल व पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की कर्मभूमि रही हैं और रोहित ठाकुर ने उन्हीं के नक्शेकदमों पर चलते हुए जुब्बल नावर कोटखाई की सेवा की है।
शांडिल ने कहा कि रोहित ठाकुर के रूप में जुब्बल नावर कोटखाई को एक मजबूत, जुझारू, कर्मठ और अनुभवी नेतृत्व मिला हैं, जिससे जुब्बल नावर कोटखाई के विकास की राह प्रशस्त होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ, श्रेय और प्रलोभन की राजनीति करती है। जनता डबल इंजन की सरकार की गलत नीतियों से तंग आ गई है। शांडिल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आने वाले उप चुनाव में एकजुटता, समर्पण के साथ कांग्रेस पार्टी को भारी मतों से जीत दिलाने के लिए जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व पूर्व विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई की जनता के आशीर्वाद से उन्होंने गौरवमयी विधानसभा क्षेत्र की एक समान दृष्टिकोण के साथ सेवा की हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जुब्बल नावर कोटखाई में वर्ष 2003 के बाद कांग्रेस कार्यकाल में 32 दस जमा दो विद्यालय खोले गए जो कि प्रदेश में एक रिकॉर्ड रहा हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सर्वाधिक स्वास्थ्य केंद्र खोलें गए, जिसमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखोल भी शामिल है। जुब्बल नावर कोटखाई में पीएमजीएसवाई, सीआरएफ और नाबार्ड वित्तपोषित सड़कों के सर्वाधिक प्रोजेक्ट कांग्रेस कार्यकाल में जुब्बल नावर कोटखाई को मिले, जबकि भाजपा सरकार कार्यकाल के चार बजट बीत जाने के बावजूद डबल इंजन की सरकार से हमारे क्षेत्र को केवल निराशा ही हाथ लगी है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि बलसन क्षेत्र की मुख्य सड़कें हुल्ली-महासू, गुम्मा-टापरी-बखोल कांग्रेस की देन हैं। बलसन क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, स्तरोन्नत में कांग्रेस पार्टी का विशेष योगदान रहा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते खाद्य पदार्थों, पैट्रोलियम पदार्थो और सेब पैकेजिंग सामग्री के मूल्यों में अप्रत्याशित वृद्वि हुई है।
इस अवसर पर कई परिवारों ने पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व पूर्व विधायक रोहित ठाकुर के नेतृत्व पर आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य देविन्दर सिंह नेगी, प्रवक्ता कांग्रेस उमेश सुमन आदि भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *