कुल्लू। कारगिल विजय दिवस के मौके पर कुल्लू जिले में इस संघर्ष में शहादत पाने वाले वीर जवानों को याद किया गया। इस दौरान इन सभी वीर जवानों को शद्धांजलि अर्पित की गई। उपायुक्त आशुतोष गर्ग की अध्यक्षता में कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में अनेक पूर्व सैनिकों ने इस अवसर पर प्रशासन के अधिकारियों के साथ कारगिल संघर्ष में शहादत पाने वाले प्रदेश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कुल्लू जिला के शहीद हवलदार डोला राम को इस अवसर पर विशेष तौर पर याद किया गया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आशुतोष गर्ग ने उपस्थित सभी भूतपूर्व सैनिकों का इस अवसर पर स्वागत किया। सेना में कार्यरत रहते इन सैनिकों ने अपने कारनामों की गाथाएं सुनाई। उपायुक्त ने कहा कि हमें कारगिल युद्ध के उन वीर शहीदों पर गर्व है, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ियों को इन वीर सैनिकों के शौर्य की गाथाएं सुननी चाहिए।
उपायुक्त ने इस अवसर पर उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व अन्यों को कारगिल शहीदों के सम्मान में शपथ दिलाई गई। शपथ में उन्होंने कहा कि हम कारगिल युद्ध के उन वीर शहीदों, जिन्होंने देश की अखण्डता व सम्मान की रक्षा के लिए अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं, उनकी पुनीत स्मृति एवं शौर्य को नमन करते हुए प्रतिज्ञा करते हैं कि देश के गौरवमय इतिहास की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहेंगे।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त सैनिकों में वीरेन्द्र सिंह, परस राम, सीआर ठाकुर, मदन ठाकुर, देवी सिंह पुजारी, नविन्द्र नाथ, सूरत राम, बेली राम, नवल किशोर, प्यार चंद वर्मा, अमर चंद ठाकुर, सूरत राम, टशी यांगफेल सहित अन्य सैनिकों सहित जिला के अधिकारी भी मौजूद रहे।
