शिमला। वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने शिमला जिले के जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा हलके में कई पंचायतों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया। इस हलके के अपने दो दिन के पहले दिन शनिवार को राकेश पठानिया ने जुब्बल के पराली, मंढोल, झड़ग व नकराड़ी पंचायतों का दौरा कर वहां की लोगों की समस्याएं सुनकर समाधान किया। उन्होंने पराली पंचायत में अपने संबोधन में बताया कि पंचायत की विभिन्न समस्याओं का प्रस्ताव पंचायत में पारित कर कार्यालय को भेजे, जिससे उन समस्याओं का एक सप्ताह के भीतर समाधान किया जाएगा।राकेश पठानिया ने कहा कि क्षेत्र में स्व. नरेन्द्र बरागटा के ड्रीम प्रोजेक्ट्स को सरकार के इसी कार्यकाल में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने स्व. नरेन्द्र बरागटा के सरकार में रहते हुए तथा पार्टी के कामकाज व कार्यकाल के बारे में विस्तृत प्रकाश डाला। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रधान पराली मिनाक्षी मांझटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याएं वन मंत्री के समक्ष रखी।
इसके उपरांत, ग्राम पंचायत मंढोल में पठानिया ने कहा कि नरेन्द्र बरागटा न सिर्फ जिला शिमला के नेता थे, बल्कि पूरे प्रदेश में उन्हें एक श्रेष्ठ नेता के रूप में जाना जाता था। नरेन्द्र बरागटा के साथ काफी लम्बे समय तक काम करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि स्व. नरेन्द्र बरागटा ने बागवानों के हितों में हर संभव प्रयास किए हैं, जिसमें विकास की बहुत लम्बी सूची है। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा उप-चुनाव के मद्देनजर जो समय क्षेत्र की जनता ने नरेन्द्र बरागटा को दिया था, वह समय वह आगामी डेढ़ वर्ष भी भाजपा के पास ही रहे, ताकि उनके ड्रिम प्रोजेक्टस को पूरा किया जा सके।
वन मंत्री ने मंढोल पंचायत में वन विश्राम गृह के जीर्णोंद्धार के लिए 5 लाख रुपए तथा पर्यटन की दृष्टि से वाटिका का निर्माण करने के लिए 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने मंढोल पंचायत में उत्कृष्ठ विद्यालय बनाने की मांग को मुख्यमंत्री से बातचीत कर इसका समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पंचायत तथा क्षेत्र की समस्याओं व मांगों को पूरा करने के लिए डेढ़ वर्ष का समय चाहिए, ताकि यह सब कार्य भी पूर्ण किए जा सके। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान मंढोल चन्द्र रांगटा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पंचायत व क्षेत्र की समस्याएं वन मंत्री के समक्ष रखी।
वन मंत्री ने झड़ग और नकराड़ी पंचायत के लोगों को च्योड़ी में संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन तीन वर्षों में जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के तहत 95 एफसीए अनुमोदन प्राप्त हुए हैं तथा अन्य एफसीए अनुमोदन एक सप्ताह के भीतर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि एफसीए के कार्यालय को देहरादून से शिमला स्थानांतरित करने की सारी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है, जिसे जल्द ही शिमला में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर महिला मण्डल को साढ़े 3 लाख रुपए देने की घोषणा की तथा अन्य समस्याओं को समयबद्ध रूप से निपटारा करने का आश्वासन दिया।
वन मंत्री राकेश पठानिया ने सिंथेटिक ट्रैक सरस्वती नगर का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि ट्रैक के निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिसका निर्माण कार्य मार्च, 2022 तक पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह उत्तर भारत का पहला हाई एल्टीट्यूड ट्रैक है, जिसका निर्माण कार्य विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई में किया जा रहा है। पठानिया ने कहा कि इस ट्रैक का नाम उन्होंने स्व. नरेन्द्र बरागटा के नाम पर रखने को मुख्यमंत्री को प्रपोज किया है। उन्होंने बताया कि पर्यटन व खेल की दृष्टि से यह ट्रैक अत्यधिक लाभदायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर बीजेपी आईटी सेल प्रमुख चेतन बरागटा, उप-प्रधान पराली पंचायत विनित चौहान, उप-प्रधान मंढोल पंचायत प्रकाश डफरेट, पूर्ण जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम लाल पीरटा, जिला उपाध्यक्ष इन्द्र चौहान, महामंत्री सतीश पिर्टा, उपमण्डलाधिकारी रोहडू बीआर शर्मा, सीसीएफ शिमला एसडी शर्मा, ग्राम केन्द्र प्रमुख झड़ग अनिल, प्रधानाचार्य पी.पी. चौहान एवं विभिन्न पदाधिकारी व अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
