Spread the love

कुल्लू। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुआई में प्रदेश सरकार हर घर में नल से जल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से सरकार इस लक्ष्य को डेढ़ साल में ही हासिल कर लेगी। इसके लिए जल जीवन मिशन के तहत इस साल जहां सर्वाधिक 1405 करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने स्वीकृति किए हैं, वहीं इसके लिए 800 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान भी किया जा रहा है। जल शक्ति, बागवानी, राजस्व और सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को ये बातें बंजार में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि हर घर में नल से जल लक्ष्य को हासिल करने के लिए करीब 2200 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
महेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 में जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के जल शक्ति विभाग का कार्य देशभर में सर्वश्रेष्ठ रहा। इसके पश्चात वर्ष 2020 के लिए जारी हुए 326 करोड़ रुपए पर भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सरकार ने लगातार दो साल इस योजना को सिरे चढ़ाया। इसी का नतीजा यह रहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 के लिए 1405 करोड़ रुपए की राशि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के लिए स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जो कार्य करेगी उसे धरातल पर उतारने का पूरा प्रयास करेगी। कोरोना काल के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विभागों में दशकों से बिना खर्च पड़ा करीब 15 हजार करोड़ रुपए को प्रयोग में लाया ताकि कोरोना काल के बावजूद आम जन के विकास कार्य प्रभावित न हों। 
जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बंजार में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंजार के उपरी क्षेत्र के लिए 50 करोड़ का एक पायलट प्रोजेक्ट तैयार किया जाए जिससे गर्मियों में पीने की पानी का समस्या का हल हो सके। उन्होंने कहा कि बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी के प्रयासों के कारण तीर्थन बाढ़ सुरक्षा के तहत 41.51 करोड़ रुपए खर्च होना प्रस्तावित हैं। इसके अलावा मोहनी खाबल और इसके साथ लगते क्षेत्र के लिए 55.78 करोड़ रुपए की एक अन्य पेयजल योजना भी प्रस्तावित है। बंजार क्षेत्र के लिए 14.12 करोड़ की अन्य पेयजल योजना सहित एडीबी के तहत 18.31 करोड़ और करीब 10 करोड़ की अन्य योजनाओं पर भी जल शक्ति विभाग सिरे चढ़ाने की दिशा में प्रयासरत है।
महेंद्र सिंह ने नगर पंचायत बंजार की जनता को सीवरेज योजना के तहत जोड़ने के लिए 10 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की दूरदृष्टि की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पिछली सरकारों की सोच से अलग हटकर पहली ही कैबिनेट में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए पेंशन के लिए आयु सीमा 80 वर्ष से 70 वर्ष की और गौ वंश के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण को अपनाते हुए मुख्यमंत्री आगे बढ़ रहे हैं और प्रदेश के विकास के लिए दिन रात प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिला कुल्लू में रोपवे की बेहतर संभावनाएं हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की हाल ही में इस संबंध में दिए गए आश्वासन पर कार्य करने को कहा। 

बंजार में हुए अभूतपूर्व विकास कार्य- गोविंद ठाकुर
इस मौके पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी कड़ी में बंजार विधानसभा क्षेत्र में भी बीते साढ़े तीन सालों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। कोरोना काल में जहां विकास कार्य प्रभावित हुए लेकिन मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व के कारण इन कार्यों की प्रगति नहीं थमी। उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुरेंद्र शौरी ने जो कार्य किए वह पहले कोई नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि बंजार को अस्पताल का नया भवन, पुलिस थाना, दमकल विभाग, कोर्ट सहित दर्जनों ऐसे कार्य सुरेंद्र शौरी के कार्यकाल में हुए जो बंजार की जनता की दशकों की मांग थी। उन्होंने बंजार की जनता को विधायक सुरेंद्र शौरी के कुशल नेतृत्व के लिए बधाई भी दी। 

साढ़े तीन सालों में रिकार्ड 126 सड़के बनाईं- सुरेंद्र शौरी

इस मौके पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में रिकार्ड 126 सड़कें बनाईं। उन्होंने बंजार की जनता से जो वादा किया था उसे पूरा कर दिखाया और सड़क निर्माण के कार्यों को अंजाम देने में लगातार जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बंजार विधानसभा में 14500 नल हर घर नल से जल के तहत लगने हैं जिसमें से 7124 नल लग चुके हैं और जल्द ही शेष नल भी हर घर में लगा दिए जाएंगे। शौरी ने कहा कि बंजार विधानसभा की सड़कों को बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहा, इसी का नतीजा रहा कि उन्होंने तीन सालों में वन विभाग से 52 मामले वन स्वीकृतियों के स्वीकृत करवाए। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि बंजार विधानसभा में वर्ष 2025 तक हर गांव में सड़क पहुंचे। सरकार के प्रयासों से जल्द बंजार बाईपास के लिए 7.31 करोड़ रुपए की योजना सिरे चढ़ेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सशक्त नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी अगुवाई में लारजी जल क्रीड़ा का नया स्थल विकसित हो पाया है। उन्होंने कहा कि बंजार के लिए पुलिस थाने के क्रियान्वयन की बात हो या दमकल विभाग, कोर्ट या अस्पताल भवन के निर्माण की, उन्होंने दिन रात बंजार विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को तरजीह दी और आगामी समय में भी बंजार विधानसभा के चहुंमुखी विकास के लिए वह प्रतिबद्ध रहेंगे।

इन योजनाओं का किया शिलान्यास 
जल शक्ति, बागवानी, राजस्व और सैनिक कल्याण ने बंजार में 2.33 करोड़ की मोहनी खाबल पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इससे 3144 लोगों को लाभ होगा। इसी तरह जल जीवन मिशन के तहत भी 1.38 करोड़ की योजना की आधारशिला भी रखी। इससे 4696 लोगों को फायदा होगा। 1.36 करोड़ की लागत की धारु रोपा शिराई उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। 90 लाख की कोटला हुरला योजना को भी आधारशिला रखी। इस मौके पर मंत्री महेंद्र सिंह के साथ शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, भाजपा जिलाध्यक्ष भीम सेन, मंडलाध्यक्ष बलदेव महंत, एसडीएम बंजार हेम राज वर्मा, चीफ इंजीनियर जल शक्ति विभाग मंडी जोन धर्मेंद्र गिल सहित स्थानीय पंचायती राज प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *