Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपने हिमाचल प्रवास के दौरान 6 जुलाई को पार्टी के प्रेरणास्त्रोत डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर कुल्लू में पौधरोपण करेंगे। जगत प्रकाश नड्डा वहां बूथ नं. 73 पिरड़ी में श्रद्धांजलि समारोह में शिरकत करेंगे तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और उसके उपरांत पौधारोपण भी करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को बूथ स्तर पर मनाती आई है। इस वर्ष भी प्रदेश के सभी बूथों पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण के कार्यक्रम किए जाएंगे और उसके बाद प्रत्येक बूथ पर पौधारोपण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मौके पर कुओं, तालाबों, बावड़ियों एवं अन्य जल स्त्रोतों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक दक्ष राजनीतिज्ञ, विद्वान और स्पष्टवादी व्यक्ति थे। वे जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग मानते थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने की जोरदार वकालत की थी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1953 में बिना परमिट लिए जम्मू-कश्मीर की यात्रा की, जहां पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने कश्मीर को लेकर नारा दिया था कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे। देश की एकता और अखंडता के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के हिमाचल के एक बूथ पिरड़ी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह सबके लिए गर्व का विषय है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जगत प्रकाश नड्डा के हिमाचल आगमन से काफी उत्साहित है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *