शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार देररात ब्लैक फंगस के दो और मरीजों ने दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के मुताबिक शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में ब्लैक फंगस से दो मरीजों की मौत हुई है। जिन दो मरीजों की मौत हुई है, उनमें से एक शिमला के लक्कड़ बाजार की रहने वाली महिला और दूसरा हमीरपुर के व्यक्ति हैं। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने कहा कि ब्लैक फंगस से पीड़ित दो मरीजों की अस्पताल में मौत हुई है। उन्होंने कहा कि ये दोनों 28 मई को अस्पताल में दाखिल किए गए थे और शुक्रवार रात को उनकी मौत हो गई। प्रदेश में ब्लैक फंगस से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 6 आईजीएमसी शिमला में और 3 की टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है।
