शिमला। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर वेक्सीनेशन के नाम पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि सरकार कभी युवाओं को बगैर पूर्व रजिस्ट्रेशन के वैक्सीनेशन की बात करती है तो कभी पूर्व रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य बता रही है। युवा अपने वैक्सीनेशन को लेकर मारे-मारे भटक रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन कांग्रेस विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि प्रदेश सरकार के पास वैक्सीनेशन को लेकर अपनी कोई नीति ही नहीं है। केंद्र सरकार जैसे कोई निर्देश देती है उस पर बगैर सोचे समझे अमल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 साल से ऊपर के युवाओं को वेक्सीनेशन के लिए अपनी रजिस्ट्रेशन करवाना टेड़ी खीर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि पिछले दिनों प्रदेश में पड़ोसी राज्यों के युवा यहां आकर अपना वेक्सीनेशन करवाकर चले गए और प्रदेश के युवा इधर से उधर भटक रहे। उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में कोरोना से निपटने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। सरकार की नाकामियों की वजह से कोरोना से 3400 से अधिक लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हर्षवर्धन ने सरकार से मांग की कि वह प्रदेश में विशेषकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में बगैर किसी पूर्व रजिस्ट्रेशन के वैक्सीनेशन का कार्य जल्द पूरा करे।
