Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने रविवार को शिमला नगर निगम के तहत भराड़ी वार्ड में आयुष होम आइसोलेशन किट का वितरण किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के तहत होम आइसोलेशन में रह कर ईलाज की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोगों ने घर में रह कर संक्रमण का ईलाज किया और उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा दवाईयां, इम्यूनिटी बूस्टर, काढ़ा आदि प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने भराड़ी वार्ड में 15 रोगियों के परिजनों को आयुष किट प्रदान की।

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली व दूसरी लहर के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से इससे उभरने में कामयाबी मिल रही है। उन्होंने कहा कि आशा वर्करों द्वारा होम आइसोलेशन में रह रहे रोगियों की बेहतर देखभाल की जा रही है, जो कि अत्यंत सराहनीय है। शहरी विकास मंत्री ने इस अवसर पर भराड़ी क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और जल्द निदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोअर भराड़ी में मधुवन सोसायटी में जल्द पार्किंग निर्माण करने को कहा। वहीं, आयुर्वेदिक औषधालय के समीप जिम व पार्किंग के निर्माण को जल्द निर्मित करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। उन्होंने कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विभिन्न विकास कार्यों को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सम्बद्ध अधिकारियों व एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि तय समय में सभी कार्यों को पूर्ण कर लोगों को समर्पित किया जा सके।
इस अवसर पर पार्षद संजीव सूद, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल व्यास, मण्डल महामंत्री गगन लखनपाल, जिला उपाध्यक्ष संजय कालिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष हितेश तथा भराड़ी वार्ड के गणमान्य व्यक्ति व प्रबुद्ध जनता उपस्थित थी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *