शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त के 6 दिवसीय शिमला प्रवास को महत्वपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सह प्रभारी ने इतने लंबे समय तक एक-एक करके पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों व अग्रणी संगठनों के प्रमुखों व पार्टी के कार्यकर्ताओं से इतनी लंबी मंत्रणा की है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं ने पार्टी की मजबूती के लिए अपने-अपने मन की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस मंत्रणा से अवश्य ही पार्टी को लाभ मिलेगा।
राठौर ने रविवार को यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में सह प्रभारी के इस प्रवास को सफल बताते हुए कहा कि उनकी उनके साथ वार्ता बहुत ही सार्थक रही है। प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ तीन उप चुनावों बारे भी पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई है।
राठौर ने भाजपा के उनकी साईकल रैली पर दिए बयान को उनकी घटिया मानसिकता बताते हुए कहा कि पार्टी का कोई भी विरोध प्रदर्शन सांकेतिक संदेश होता है। उन्होंने भाजपा पर तंज किया कि वह बताए कि जब प्रधानमंत्री, या रक्षा मंत्री सेना के किसी लड़ाकू विमान या टैंक पर वर्दी पहने कर बैठते हैं, तो क्या वह उसे उड़ाना या उससे कोई बंब चलाना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि देश में डीज़ल व पेट्रोल के मूल्यों की बढ़ोतरी के विरोध में किया गया उनका विरोध प्रदर्शन सफल रहा है और भाजपा इससे बौखलाई हुई है।
राठौर ने भाजपा के पत्र बम को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि कांग्रेस कभी भी किसी के चरित्र हनन पर न तो विश्वास रखती है और न ही इसे कोई मुद्दा बनाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी भी ओछी राजनीति नहीं करती, जबकि भाजपा हमेशा ही इसमें निपुण रही है।
