रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी इन दिनों किन्नौर जिले के उपमंडलों में होम आइसोलेशन पर रह रहे रोगियों को उनके घर द्वार पर होम आइसोलेशन किट वितरित कर रहे हैं। इसके तहत सूरत नेगी ने पूह उपमंडल के 41 होम आइसोलेशन पर रह रहे रोगियों को होम आइसोलेशन किट वितरित की। इनमें रिब्बा गांव में 9, रिस्पा में 8, खदरा में 20, अकप्पा में तीन व रारंग गांव के एक कोरोना रोगी शामिल हैं। उन्होंने इस दौरान कोरोना रोगियों का कुशल क्षेम भी जाना।
सूरत नेगी ने कहा कि कोविड-19 संकट काल में प्रदेश सरकार जिलावासियों के साथ है तथा प्रदेश सरकार द्वारा जिले के कोरोना रोगियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले के लिए प्रदेश सरकार के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्वीकृत किया गया है जो कुछ ही दिनों में रिकांगपिओ में स्थापित हो जाएगा। इससे जहां कोरोना रोगी लाभान्वित होंगे, वहीं भविष्य में अन्य रोगियों को भी इससे लाभ प्राप्त होगा और आक्सीजन सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि उन्हें खांसी, जुखाम या गले में दर्द की अधिक शिकायत हो तो वे तुरंत अपने निकटतम चिकित्सा संस्थान में जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा होम आइसोलेशन पर रह रहे सभी कोरोना रोगियों को होम आइसोलेशन किट प्रदान की जा रही है। उन्होंने लोगों से कोरोना को लेकर सरकार द्वारा समय समय पर जारी दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
