Spread the love

हमीरपुर। वैश्विक महामारी कोरोना एवं इसके प्रभावों से आज हर कोई जूझ रहा है। कोई अपने माता-पिता को खो रहा है तो कोई अन्य निकट संबंधियों को। ऐसी संकट की घड़ी में वे बच्चे अधिक मुश्किलें झेल रहे हैं जिनके माता-पिता या तो अस्पताल में उपचाराधीन हैं या फिर कोरोना का ग्रास बन चुके हैं। ऐसे अनाथ बच्चों के संरक्षण, देखभाल एवं पुनर्वास के लिए जिला हमीरपुर में बाल संरक्षण सेवायें योजना के अंतर्गत विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों की पूरी तरह से देखभाल करने का जिम्मा महिला एवं बाल विकास विभाग ने उठाने का निर्णय लिया है। इसके लिए हेल्पलाईन नंबर भी जारी किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से ऐसे बच्चों को सुजानपुर स्थित अनाथ आश्रम में रखने की व्यवस्था की गई है। यहां कोविड नियमों के अंतर्गत सभी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अनाथ आश्रम में कोविड-19 महामारी से प्रभावित लड़कों के लिए एक आइसोलेशन रूम बनाया गया है, जिसमें चार बैड भी लगाए गये हैं।
उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में जिला के सभी उपमंडलाधिकारी (ना.) को भी निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी ऐसे बच्चे के संबंध में अगर जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी तथा बाल कल्याण समिति, हमीरपुर को दें।
वर्तमान में जिला में बिझड़ी खंड में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें 16 वर्षीय बच्चे के अनाथ होने की सूचना है। उसे देखभाल व संरक्षण देने की पूरी प्रक्रिया विभाग द्वारा प्रारम्भ कर दी गई है। बाल कल्याण समिति के सदस्य वहां जाकर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट देंगे और उसी आधार पर आगामी निर्णय लिया जाएगा।
कोविड-19 सम्बन्धी परामर्श एवं उपचारात्मक उपायों के बारे में हेल्पलाईन नम्बर 1077, 104, 1075 तथा 1800-11-2545 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने तथा चाईल्ड लाईन की सहायता प्राप्त करने के लिए दूरभाष संख्या 1098 पर सम्पर्क कर सकते हैं। यदि किसी बच्चे को आश्रय एवं संरक्षण की आवश्यकता है तो वह स्वयं या उसके संरक्षक या कोई अन्य व्यक्ति जिला कार्यक्रम अधिकारी या जिला बाल संरक्षण अधिकारी से भी सम्पर्क कर सकता है।
हेल्पलाईन नंबरों में जिला कार्यक्रम अधिकारी, हमीरपुर के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972 225085, मोबाइल नंबर 70187-99399, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय का दूरभाष नंबर 01972 223344 तथा मोबाइल नंबर 98168-66166, बाल कल्याण समिति, हमीरपुर का मोबाइल नंबर 70182-98400, चाईल्डलाईन हमीरपुर, कार्यालय से 1098, 01972-222098 01972-222198 व मोबाइल नंबर 94181 97413 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
गौर रहे कि जिला में बाल देखभाल संस्थान सुजानपुर में स्थापित है। इस बाल देखभाल संस्थान के माध्यम से संरक्षण और देखरेख की आवश्यकता वाले अनाथ एवं असहाय बच्चों तथा विधि विवादित बच्चों को निःशुल्क आवास, शिक्षा, चिकित्सकीय सहायता, परामर्श सेवाएं आदि सुविधायें प्रदान की जा रही हैं। वहीं, योजना के अन्तर्गत प्रदेश में 44 बाल देखभाल संस्थाओं के माध्यम से यह सुविधायें प्रदान की जा रही हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *