हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अगला अध्यक्ष कौन होगा, भाजपा विधायक दल की बैठक में स्थिति साफ हो जाएगी। भाजपा विधायक दल की बैठक 24 फरवरी को शिमला में होगी। इसमें विधानसभा के नाम पर सहमति के साथ-साथ बजट सत्र के लिए पार्टी की रणनीति भी बनेगी। विधानसभा अध्यक्ष पद पर किसके नाम पर सहमति बनी है, इस पर अभी अटकलें ही लगाई जा रही हैं। हर दिन भाजपा के किसी न किसी विधायक का नाम दिनचर्चा में आ जाता है। कर्नल इंद्र सिंह, नरेंद्र ठाकुर, रमेश धवाला के बाद अब पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा का नाम भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा में है।
पार्टी को बजट सत्र के लिए नए अध्यक्ष का नाम फाइनल करना है। 26 फरवरी को इसकी प्रक्रिया पूरी होगी। 25 फरवरी को नामांकन दायर करना होगा। भाजपा की ओर से कौन प्रत्याशी होंगे। इस पर पार्टी की विधायक दल की बैठक के बाद स्थिति साफ करने की उम्मीद है। पार्टी अध्यक्ष का नाम विधायकों ने तय किया है। बजट सत्र से एक दिन पहले विधायक दल की बैठक शाम सात बजे पीटरहॉफ में की जानी है।
