उपायुक्त राकेश प्रजापति ने जिला पर्यावरण प्रबंधन प्लान के तहत सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित तौर पर प्रतिमाह प्रगति रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने पर्यावरण प्रबंधन के लिए गठित जिलास्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
राकेश प्रजापति ने कहा कि कांगड़ा जिला में एनजीटी के दिशानिर्देशों के अनुसार जिला पर्यावरण प्रबंधन प्लान तैयार किया गया है। इसमें नगर निकायों, पंचायती राज विभाग, जल शक्ति विभाग, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग तथा खनन विभागों से संबंधित पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसकी प्रति माह रिपोर्ट सरकार को भेजी जा रही है।
नगर निकायों में स्वच्छता कमेटियों का गठन, डस्टबिन फ्री, डोर टू डोर कूड़ा कचरा एकत्रित करने व स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वैच्छिक संस्थाओं, स्कूल व कालेज के एनएसएस छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। इसके अतिरिक्त कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए डंपिंग साइट्स भी निर्धारित करना सुनिश्चित किया जाएगा। इन सभी बिंदुओं पर आधारित प्रतिमाह रिपोर्ट भी भेजने के लिए कहा गया है।
