Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों की राज्य निर्वाचन अधिकारी (पीआरओ) पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपा दासमुंशी ने कहा है कि प्रदेश में पार्टी का सदस्यता अभियान 31 मार्च तक पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों के लिए सदस्यता अभियान का तय सीमा में पूरा होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके पूरा होने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। 
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए दासमुंशी ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों व ब्लॉकों का दौरा कर पार्टी सदस्यता अभियान का जायजा लेंगी और पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त आम लोगों से इस बारे बातचीत करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऑनलाइन सदस्यता अभियान भी शुरू कर रही है, जिससे कांग्रेस के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों विशेष तौर पर सोशल मीडिया से जुड़े लोगों को जोड़ा जा सके। 
इससे पूर्व, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पीआरओ दीपा दासमुंशी व एपीआरओ शमीमा रैना का शिमला आने पर स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप-चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत व एकजुटता का संदेश पूरे देश में गया है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान पर वह स्वयं अपनी नज़र रखे हुए हैं। 
राठौर ने कहा कि प्रदेश में सदस्यता अभियान 19 नवंबर से देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती से प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला की उपस्थिति में शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना व मौसम की बेरुखी के चलते सदस्यता अभियान की गति में कुछ कमी आई है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह कार्य तय सीमा में पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य की उचित देखरेख के लिए जिला स्तर पर महासचिव समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान 10 सालों के लंबे अंतराल के बाद हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार कांग्रेस के सदस्य लक्ष्य से अधिक बनेंगे। कांग्रेस महासचिव सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी चेतराम ठाकुर ने सदस्यता अभियान के कार्य प्रगति की पूरी रिपोर्ट दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 
बैठक में सभी 13 सगंठनात्मक जिलों के अध्यक्षों नाहन से अजय बहादुर सिंह, सोलन से शिवकुमार, कुल्लू से बुद्धि सिंह ठाकुर, चंबा से नीरज नैयर, बिलासपुर से अंजना धीमान, मंडी से प्रकाश चौधरी, शिमला शहरी से जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण से यशवंत छाजटा, कांगड़ा जिला से प्रतिनिधि गुलशन कुमार, किन्नौर से पीताम्बर नेगी, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर व हमीरपुर से दीपक शर्मा ने अपने-अपने जिलों में सदस्यता अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। 
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता कुलदीप पठानिया ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन पूरी तरह मजबूत है। उन्होंने कहा कि इसी मजबूती के चलते प्रदेश में कांग्रेस ने चार उप चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। इस दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, एनएसयूआई के अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर, सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा व महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी बैठक में सदस्यता अभियान को लेकर अपने-अपने विचार रखे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *