Spread the love

शिमला। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अन्नदाता के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 8वीं किस्त के तहत 9.5 करोड़ लाभार्थी किसान परिवारों के लिए 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी करने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार सदा से किसान हितैषी रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हितों में जितने कदम उठाए हैं, उतना पिछले 70 सालों में कोई सरकार नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आज बिना किसी भेदभाव के पीएम किसान सम्मान निधि की 8वीं किस्त के रूप में 9.5 करोड़ लाभार्थी किसान परिवारों के लिए 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की है। यह किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का एक सशक्त उदाहरण है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस योजना के तहत हर साल किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपए की राशि तीन किस्तों में भेजी जाती है। इस तरह तीन किस्तों में किसानों के खातों में हर साल कुल 6,000 रुपए भेजे जाते हैं, जिसका उपयोग हमारे अन्नदाता कृषि कार्यों में कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बिना किसी बिचौलिए को लाए हुए सीधा किसानों के हाथों में पैसा पहुंचा रही है। ये एक बड़ा बदलाव है जिसे देश का अन्नदाता महसूस कर रहा है। 
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ काम कर रही है। यह किसानों के लिए अब तक की सबसे बड़ी योजना है जो अन्नदाता के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में इस योजना के तहत लगभग 11 करोड़ किसानों के पास करीब 1 लाख 35 हजार करोड़ रूपए की सहायता राशि दी जा चुकी है। इनमें से सिर्फ कोरोना काल में ही 60 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आज बंगाल के लाखों किसानों को पहली किस्त पहुंची है। जैसे-जैसे राज्यों से किसानों के नाम केंद्र सरकार को मिलेंगे, वैसे वैसे लाभार्थी किसानों की संख्या और बढ़ती जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों की आवश्यकता, चिंताओं, जरूरतों को समझ कर योजनाओं को लागू करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि को टुकड़ों के बजाए पूरी समग्रता से देखा है और चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर प्रयास किया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *