जिला शिमला के तहत संजौली में एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर गाड़ी ने छह से सात गाडि़यों को टक्कर मार दी। यह हादसा शनिवार रात का बताया जा रहा है। इस संबंध में निशांत ठाकुर निवासी महामाया माहूंनाग ने पुलिस थाना ढली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। फार्च्यूनर गाड़ी एचपी 52बी 0019 के चालक ने रफ्तार का कहर बरपाया है। पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फार्च्यूनर सवार ने इस कदर कहर बरपाया है कि इन वाहनों का कबाड़ बन गया है। हादसे में फार्च्यूनर कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
राजधानी शिमला में तेज रफ्तार कार ने छह गाड़ियों को टक्कर मारी है। घटना शनिवार देर रात नवबहार के पास पेश आई। संजौली की तरफ तेज रफ्तार से जा रही फॉर्च्यूनर नंबर की गाड़ी एचपी-52 बी-0019 ने पहले गलत दिशा से एक गाड़ी को ओवरटेक किया। चालक गाड़ी पर से पूरा नियंत्रण खो चुका था। नवबहार से थोड़ी दूरी पर जाने के बाद उसने सड़क के किनारे खड़ी पांच अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी। चालक गाड़ी को इतनी तेज रफ्तार से चला रहा था कि जिन गाड़ियों को उसने टक्कर मारी, उनके परखच्चे उड़ गए। गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ दूरी पर जाकर फार्च्यूनर कार भी पलट गई।
