Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसम्बर को कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा इस दिन को “सुशासन दिवस” के रूप में मनाती आ रही है और इस अवसर पर हम विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रदेश नेतृत्व ने प्रदेश उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल को प्रभारी तथा प्रदेश सचिव पायल वैद्य एवं विशाल चौहान को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
कश्यप ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार 25 दिसम्बर, 2020 को पार्टी संगठन कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी की जयंती बूथ स्तर के 6 अनिवार्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में से एक है। सभी बूथों पर अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ-साथ श्रद्धेय अटल जी के अदभुत व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रत्येक बूथ पर केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। उनका कहना था कि अटल जी की कविताओं का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से काव्यांजलि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंंगे। इस अवसर पर फल वितरण, रक्तदान एवं कोविड -19 के दौरान सेवा के कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि कोविड -19 के नियमों का पालन करते हुए उपरोक्त सभी कार्यक्रमों का आयोजन बूथ स्तर पर व्यवस्थित रूप से किया जाएगा।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *