शिमला। प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपती ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह पंचायतीराज व नगर निकाय चुनावों में अपने चहेतों को राजनीतिक लाभ देने के लिए आरक्षण रोस्टर के साथ छेड़छाड़ कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि वोटर लिस्ट में भी बड़ी गड़बड़ियां की जा रही है और भारी संख्या में फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि भाजपा, प्रदेश में पूरी चुनावी प्रक्रिया को अस्त-व्यस्त कर इसे हाईजेक करने की पूरी कोशिश कर रही है, जिसे युवा कांग्रेस कभी भी सफल नहीं होने देगी।
यदोपती ठाकुर ने पंचायती राज मंत्री के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने इन चुनावों में किसी भी धांधली के लिए कोर्ट जाने की बात कही है, पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अगर न्यायपालिका ने ही सारा कार्य करना है तो सरकार का क्या काम है। क्या वह केवल धांधलियों के लिए ही बैठी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में इतनी चूर हो गई है कि आज देश व प्रदेश में संवैधानिक संस्थाओं के कार्य क्षेत्र पर खुल कर अतिक्रमण किया जा रहा है।
यदोपती ठाकुर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कोविड काल से बेरोजगार हुए युवाओं के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कोई सोच ही नहीं है। आज प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है और सरकार इस बारे कोई चिंता नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी वर्ग को जयराम सरकार ने कोई राहत नहीं दी है। यदोपती ठाकुर ने युवाओं का आह्वान किया कि पंचायत व नगर निकाय चुनावों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें व भाजपा को उसके सभी कर्मों का मुंह तोड़ जबाब दें।
