Spread the love

हमीरपुर। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान वर्तमान राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य गरीबों और कमजोर वर्गों का सामाजिक, आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का प्रथम ही निर्णय वृद्धजनों के उत्थान और बेसहारा पशुओं को आश्रय प्रदान करने के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि गौ अभ्यारण्यों और गौ सदनों में प्रति मवेशी प्रतिमाह 500 रुपए प्रदान किए जा रहे थे, जिसे वर्ष 2022-23 के बजट में बढ़ाकर 700 प्रतिमाह प्रति मवेशी किया गया है। वे शनिवार को हमीरपुर जिला की हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लम्बलू में 165 करोड़ रुपए लागत की 19 विकासात्मक परियाजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 
मुख्यमंत्री ने लम्बलू में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पशु अस्पताल खोलने, पशु औषधालय ताल को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने तथा राजकीय उच्च पाठशाला पथियान को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सम्भवतः पहली बार एक ही दिन में 165 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा आज समर्पित की गई 38.31 करोड़ रुपए की उठाऊ जलापूर्ति योजना का शिलान्यास दो वर्ष पूर्व किया गया था। इस योजना के माध्यम से दुघा पंजाली कल्लर कटोचा, कल्लर पुरोता, लम्बलू, भाली भेलाड़ा, कंगरू गसोता, भल्ला, जमली मन्दिर और थाना गुम्मर गांवों को पेयजल सुविधा मिलेगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश न केवल पात्र जनसंख्या को वैक्सीन की पहली डोज लगाने में अग्रणी रहा है, बल्कि राज्य के लोगों को दूसरी डोज उपलब्ध करवाने में भी प्रथम रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लोग भाग्यशाली है कि इस संकटकाल में देश का नेतृत्व सक्षम नेता द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से न केवल स्वदेशी टीका विकसित किया गया, बल्कि देश में विश्व का सबसे बड़ा निःशुल्क टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि कांग्रेस के नेता इस संवेदनशील मामले का भी राजनीतिकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के दुष्प्रचार के कारण ही देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल देश में अपना जनाधार खो रहा है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी को 50 रुपए प्रतिदिन बढ़ाकर 350 रुपए प्रतिदिन किया गया है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के मानदेय में भी काफी वृद्धि की गई है। प्रदेश सरकार ने लगभग 4.50 घरेलू उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के लिए निर्णय लिया कि 60 यूनिट बिजली की खपत पर जीरो बिलिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि 61 से 125 यूनिट की खपत पर उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट एक रुपए की रियायती दर पर सस्ती बिजली प्रदान की जाएगी, जिससे 7 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।  जयराम ठाकुर ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा को बिना किसी आय सीमा के सभी के लिए 60 वर्ष कर दिया है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं से अब तक 7.50 लाख लोग लाभान्वित होंगे और इन योजनाओं पर 1300 करोड़ रुपए व्यय जाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना का लाभ उठाने के लिए अब वर्षभर पंजीकरण किया जा सकेगा और तीन वर्षों के पश्चात इसका नवीकरण किया जा सकेगा। 

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान और उन्हें आश्रय प्रदान करने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई गौ अभयारण्य और गौ सदन स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद किया, जो 20,000 से अधिक परित्यक्त मवेशियों को आश्रय प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पशुओं की गणना दो महीने के भीतर पूरी कर ली जाएगी जिससे सरकार को यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि कोई भी अपने पशुओं को सड़कों पर न छोड़े। 
विधायक हमीरपुर नरेंद्र ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए हमीरपुर निर्वाचन क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि देश के उन चार राज्यों में जहां हाल ही में चुनाव हुए थे, भाजपा फिर से सरकार बनाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में केवल दो सीटें जीतने में सफल रही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को प्रभावी कोविड-19 प्रबंधन में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी इस दिशा में मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष गौ सेवा आयोग अशोक शर्मा, कौशल विकास निगम के राज्य संयोजक नवीन शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कृषि ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष कमल नैयान, उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *