शिमला। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस राजधानी शिमला में होगा। इस गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बुधवार को यहां इस राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि समारोह में आकर्षक मार्च पास्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें 2 नागा रेजिमेंट, आईटीबीपी, सेना पाइप बैंड, पुलिस विभाग की महिला व पुलिस टुकड़ी, जिला पुलिस ट्रैफिक, पुलिस होमगार्ड, अग्निशमन विभाग, पूर्व सैनिक तथा एनसीसी महिला एवं पुरुष, श्वान दस्ता, डाक सेवा विभाग, राज्य आपदा प्रबंधन अपनी प्रस्तुत करेंगे। डीसी ने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को दर्शाती तथा प्रदेश में विकास की गति को प्रदर्शित करती झांकियां भी आकर्षक होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश की विविध संस्कृति दिखेगी। इस दौरान जिला मंडी, जिला कुल्लू, जिला शिमला और जिला कांगड़ा के सांस्कृतिक दल अपनी लोक संस्कृति का प्रदर्शन भी करेंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जिला शिमला के कलाकारों द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव तथा कोविड-19 से बचाव व मानक संचालन अनुपालना विषय पर प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकारों द्वारा पंजाब व हरियाणा का पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। नागा रेजीमेंट द्वारा आकर्षक कंटिन्यूटी ड्रिल भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।
आदित्य नेगी ने कहा कि परेड की रिर्हसल 21 जनवरी से आरम्भ होगी, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिर्हसल 25 जनवरी को ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगी। 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिर्हसल के तहत परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम की रिर्हसल आयोजित की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सचिन कंवल, सहायक आयुक्त डाॅ. पूनम, उमपण्डलाधिकारी शहरी मंजीत शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, 2 नागा रेजिमेंट आईटीबीपी के अधिकारी उपस्थित थे।
