शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता प्रकट करते हुए कहा है कि अपराधियों का बेखौफ होना सरकार की व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को प्रदेश की नहीं, अपनी राजनीति की ज्यादा चिंता है।
राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चुनाव क्षेत्र सराज में नशेड़ियों व अपराधियों के बढ़ते हौंसलों पर अपनी गंभीर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि बगसैड़ में एक डॉक्टर के साथ उसके घर पर मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आपराधिक मामलों को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस मामले में दोषी लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की ओर ध्यान देना चाहिए।
