शिमला। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि सरकार के सभी निगम एवं बोर्डों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्ष की समीक्षा भी समय-समय पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश में कार्य कर रहे हैं, उससे हिमाचल प्रदेश की जनता को बल मिल रहा है।
खन्ना ने कहा कि शिमला प्रवास के दौरान उन्होंने निगम एवं बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की एक बैठक ली थी, जिसमें कई विषयों पर चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि निगम एवं बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष संगठन एवं सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो जनता और सरकार के बीच में एक कड़ी का काम करता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निगम एवं बोर्डों के साथ कई लाभार्थी योजनाएं जुड़ी है और इन योजनाओं को धरातल तक ले जाकर लोगों को इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दायित्व निगम एवं बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों का है, जिसके लिए उनको अधिक से अधिक प्रयास करना चाहिए।
अविनाश राय खन्ना ने बताया कि महिला सशक्तिकरण को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार कटिबद्ध है और महिला सशक्तिकरण से जुड़े बोर्डों के चेयरमैन भी अच्छा कार्य कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश महिला सशक्तिकरण के लिए समय-समय पर शुद्ध नीतियां बना रहा है। उन्होंने बताया कि निगम एवं बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष लगातार प्रवास भी करेंगे और केंद्र में मोदी सरकार एवं प्रदेश में जयराम सरकार की नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे।
