शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ एक बड़ा जनांदोलन शुरू कर भाजपा को इसे पहलीं चुनौती का नाम दिया है। चौड़ा मैदान स्थित अम्बेडकर चौक पर एक विशाल रैली में प्रदेश मामलों के प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य राजीव शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का इस सफल आयोजन के लिए पीठ थपथपाते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ इस जनसभा का संदेश प्रदेश के हर घर पर पहुंच जाना चाहिए। नगर निगम चुनावों के बाद 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने को अभी से मैदान में जुट जाए।
शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले बोले और कहा कि कांग्रेस ने अपने 70 सालों के शासनकाल में जो कुछ देश में जो भी सरकारी संपत्तियों को बनाया आज उसे मोदी सरकार एक-एक कर निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पूंजीपतियों के लिये काम कर रही है। शुक्ला ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि अच्छे दिनों के सपने दिखा कर सत्ता में आई भाजपा ने आज देश को महंगाई और बेरोजगारी के दल-दल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब पेट्रोल-डीजल ऊंचे मूल्यों में मिलता था तब भी मनमोहन सिंह सरकार ने लोगों को सस्ते दामों पर इसे दिया, आज जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के मूल्यों में भारी कमी है, बावजूद इसके लोगों को महंगी दरों पर दुगने मूल्यों में इसे बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों से टैक्स वसूल कर सरकार अपना खजाना भरने में लगी है।
शुक्ला ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सोची समझी रणनीति के तहत किसानों व बागवानों को कॉरपोरेट घरानों के अधीन करना चाह रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों को खत्म किया जा रहा है। सभी को इसके खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। इसके लिए उन्होंने आज से ही भाजपा के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने का आह्वान करते हुए कहा कि जो जोश आज यहां है यही जोश 2022 के चुनावों में भी रखना होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस दौरान कुलदीप सिंह राठौर की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने सभी कांग्रेस विधायकों को अनुशासन में रहने की हिदायत देते हुए कहा कि जब संगठन मजबूत होगा, तभी हम मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि देश प्रदेश में विकास का पूरा श्रेय कांग्रेस को ही जाता है। उन्होंने आज के इस सफल आयोजन पर उपस्थित जनसमूह का आभार प्रकट किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि 2 वर्ष पूर्व जब उन्होंने प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाली थी तो उनके सामने बहुत चुनौतियां थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का उन्हें सहयोग मिला और आज कांग्रेस पूरी तरह से मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जितने भी प्रदर्शन और आयोजन किए गए, उनमें पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस शासनकाल में महंगाई, बेरोजगारी भ्रष्टाचार फैला है। कोविड काल में लोगों को कोई राहत नहीं दी गई। पीपीई घोटाले, सेनेटाइजर घोटाले की वजह से भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष को अपने पद से त्यागपत्र तक देना पड़ा
राठौर ने कहा कि प्रदेश के विकास में भाजपा का कोई भी योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार है तो आधुनिक हिमाचल निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से ही लड़े जाएंगे।
प्रतिपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने आज की जनसभा को ऐतिहासिक बताते हुए राठौर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की इस रैली से साफ है कि अब भाजपा के दिन गिने-चुने रह गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी की ताकत है। उन्ही की ताकत से प्रदेश में अगले चुनाव लड़े जाएंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने जयराम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने आज प्रदेश को कर्जे के बोझ तले डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि जब जयराम सत्ता से बाहर होंगे, तब तक प्रदेश 85 हजार करोड़ के कर्ज के बोझ तले होगा। उन्होंने कहा कि बजट में न तो बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी पर कोई राहत की बात है और न ही किसी को कोई राहत की बात की गई है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज कोविड के बाद प्रदेश की अर्थव्यवस्था डांवाडोल हो चुकी है और सरकार के पास इससे बाहर आने की कोई योजना नहीं है। शिमला जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा ने आये अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह, विप्लव ठाकुर, कुलदीप कुमार, वरिष्ठ नेता आशा कुमारी, धनीराम शांडिल, हर्ष महाजन सहित कांग्रेस के सभी विधायक, पूर्व विधायक प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों के प्रमुख व पदाधिकारी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व कांग्रेस विभागों के पदाधिकारी, प्रदेश के जिलों से आये हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज की इस जनसभा में भाग लिया।
