शिमला। हिमाचल प्रदेश में वीरवार कोरोना संक्रमण के 42 नए मामले पाजिटिव आए हैं। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 18 मामले पाजिटिव आए हैं। वहीं, सोलन में 6, हमीरपुर व ऊना जिले में 5-5, बिलासपुर व सिरमौर में 2-2, शिमला, चंबा, कुल्लू व मंडी जिलों में एक-एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। राज्य में कोरोना वायरस के अब कुल 58499 मामले हो चुके हैं। इनमें से अब तक 57260 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वीरवार को 27 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के अब 244 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक 982 मरीजों की मौत हो चुकी है।
हमीरपुर जिले में वीरवार को 5 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें से 4 लोगों की पुष्टि रैपिड एंटीजन टैस्ट में और एक व्यक्ति की पुष्टि आरटी-पीसीआर टैस्ट में हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि वीरवार को जिला में रैपिड एंटीजन टैस्ट में से भोटा की 43 वर्षीय महिला, इसी क्षेत्र के गांव घलौन की 40 वर्षीय महिला, हमीरपुर के वार्ड नंबर 1 कृष्णानगर की 57 वर्षीय महिला और बड़सर के दखयोड़ा क्षेत्र के गांव बटलाहू के 54 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इनके अलावा आरटी-पीसीआर टैस्ट में सलौणी क्षेत्र के गांव टिक्कर का 49 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजीटिव पाया गया है।
