शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सोमवार को विधानसभा सचिवालय परिसर का दौरा कर आगामी बजट सत्र के दृष्टिगत चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विधानसभा सचिवालय में चल रहे मरम्मत कार्यों तथा अन्य विकासात्मक कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को समय रहते पूर्ण किया जाएं तथा सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
विपिन परमार ने विधानसभा परिसर में चल रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा सचिवालय सत्र के आयोजन के लिए पूरी तरह से सजग तथा सक्षम हैं। इस अवसर पर विपिन परमार ने डाईनिंग हॉल, लाईब्रेरी, मिडिया सेंटर, पत्रकार दीर्धा तथा मुख्य द्वारों पर किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्न भी काफी संख्या में प्राप्त हो रहे हैं।
परमार ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि बजट सत्र एक महत्वपूर्ण सत्र है। सभी सदस्यों को सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए करना चाहिए तथा प्रश्नों व चर्चा के माध्यम से इन्हें प्रमुखता से उठाकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कोविड-19 को देखते हुए पूर्व की भांति सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के दिशा निर्देश भी जारी किए। इस अवसर पर विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारीगण, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रवि कौंडल, लोक निर्माण विभाग (विद्युत) के सहायक अभियंता दीपक रावत, विधानसभा सचिवालय के अनुभाग अधिकारी राजेन्द्र ठाकुर तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
