Spread the love

शिमला।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने धर्मशाला में भाजपा के मंथन शिविर पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि एक तरफ देश बेरोजगारी व महंगाई की मार से जूझ रहा है वहीं, दूसरी तरफ भाजपा चुनाव को लेकर अपने मंथन में जुटी है। उन्होंने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि जो पार्टी सत्ता पर बैठी है उसे न तो देश की कोई चिंता है और न ही लोगों की। अच्छा होता अगर भाजपा इस महंगाई की महामारी से लड़ने और देश के लोगों को इससे बचाने बारे कोई मंथन करती। 

राठौर ने वीरवार को यहां प्रदेश सरकार की कारगुजारी पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ प्रदेश सरकार अपने खर्च चलाने को कर्ज पर कर्ज ले रही है वहीं, दूसरी तरफ इस पैसे का खुल कर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पैसा पार्टी के आयोजनों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों पर करों का बोझ डाला जा रहा है। पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी सिलेंडर के मूल्यों को बढ़ाकर केंद्र व प्रदेश सरकार अपनी तिजोरियों को भर रही है।कुलदीप राठौर ने कहा कि बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा की नीतियां पूरी तरह दोषी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए न तो बुद्धि ही है और न ही कोई विवेक। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट के बाद देश में ऐकाएक महंगाई का बढ़ना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अब तो सरकार ने भी बढ़ती महंगाई को रोक पाने में अपनी असमर्थता जताते हुए अपने दोनों हाथ खड़े कर दिए हैं। 
राठौर ने कहा कि किसानों के खेत खलिहान चुनिंदा पूंजीपतियों के पास गिरवी रखने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का किसान नए कृषि कानूनों के विरोध में 100 दिनों से एकजुट हो कर सड़कों में बैठा है।

पंजाब से शुरू हो गया है भाजपा मुक्त अभियान 

राठौर ने भाजपा के उस बयान पर तंज कहा है, जिसमें वह अक्सर देश को कांग्रेस मुक्त करने की बात कहती रही है। उन्होंने कहा कि अभी तो पंजाब के लोगों ने अपने शहरों को भाजपा मुक्त कर दिया है और जल्द ही देश भी भाजपा की गुलामी और तानाशाही से मुक्त होगा। देश के किसानों व पंजाब के लोगों ने अब इसकी इबारत लिख दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *