Spread the love

शिमला। मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा है कि कानून की अनुपालना हमारे व्यक्तित्व का अभिन्न अंग होना चाहिए। सभी का दायित्व है कि अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए नियमों का सही प्रकार से पालन करें। कानून लोगों की भलाई के लिए बनाए गए हैं, जिनकी अवहेलना करने से कई तरह के दुष्परिणाम सामने आते हैं। वे बुधवार को परिवाहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत हिप्पा में आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। 

मुख्य सचिव ने कहा कि बहुत सी सड़क दुघर्टनाएं मानवीय भूल के कारण होती हैं। अभियांत्रिकी के माध्यम से सड़कों के निर्माण में और सुधार लाकर सड़क दुघर्टनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल महीने भर चलने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जीवनभर जारी रहने वाला जागरूकता अभियान है। यह अभियान निरंतर चलाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके। आम आदमी को तेज रफ्तार, शराब सेवन कर गाड़ी चलाने, ओवर लोडिंग और ट्रैफिक नियमों के अनुपालन के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। 
अनिल खाची ने कार्यशाला में प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वह सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश लेकर समाज में जाएं और अन्य लोगों के साथ भी इसे सांझा करें। सड़क दुघर्टना की स्थिति में सहायता करने वाले लोगों, यानि गुड समारिटन की परिकल्पना को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। गुड समारिटन की भागीदारी से सड़क दुघर्टनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में कमी आएगी। उन्होंने युवाओं से प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा विषय पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय जल मिशन के तहत नेहरू युवा केन्द्र संगठन के ‘कैच द रेन’ पोस्टर का विमोचन भी किया। निदेशक परिवहन अनुपम कश्यप ने 18 जनवरी, 2021 से 17 फरवरी, 2021 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान विभाग द्वारा प्रदेश में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान राज्य में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं और जन सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर विशेष बल दिया जा रहा है। ‘एक जिला विशेष कार्यक्रम’ के तहत सड़क सुरक्षा अभियान के बारे में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जिला सिरमौर सोना चौहान नेे प्रस्तुति दी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *