शिमला। प्रदेश के छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता प्रदान करते हुए गंभीरता से निवारण करे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के तहत कार्यपूर्ति के लिए ठेकेदार भी कार्यों को तुरंत प्रभाव से करें, ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके। वे रविवार को शिमला ग्रामीण हलके के बसंतपर ब्लाक के करयाली में जनमंच कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें लंबित रह गई है, उनका तुरंत निपटारा सुनिश्चित करें और उपायुक्त इसकी निगरानी स्वयं करे।
सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल जन हितेषी योजना जनमंच कार्यक्रम को पुनः आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जनता को उनके घरद्वार पर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ मौके पर ही हिमाचली प्रमाण-पत्र, आमदनी प्रमाण-पत्र, अनुसूचित जाति व जनजाति प्रमाण-पत्र, वृद्धा पेंशन व विधवा पेंशन, मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता, विधिक सहायता, बागवानी व किसान क्रेडिट कार्ड, अपंगता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड करेक्शन तथा स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र दूरदराज व पिछड़ा क्षेत्र है इसलिए सभी पंचायत क्षेत्र के लोगों को सरकार द्वारा घर द्वार पर लगाए गए जनमंच का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
जनमंच में लोगों ने अपनी-अपनी लिखित समस्याएं प्रस्तुत की। जनमंच में सतपाल सती ने बारी-बारी से हर व्यक्ति की समस्या सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया और शेष बची समस्याओं को शीघ्र निपटारे के लिए सम्बन्धित विभागों को भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान सतपाल सत्ती ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 10 नवजात बच्चियों के परिजनों को एक-एक कम्बल व बधाई पत्र तथा गृहिणी सुविधा योजना के तहत 5 पात्र महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन भी प्रदान किए। उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के तहत एक नन्हीं बच्ची को पोलियो की दो बूंदे भी पिलाई।कार्यक्रम में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शिमला ग्रामीण के भाजपा पूर्व प्रत्याशी डॉ प्रमोद शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मेहता, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, अतिरिक्त उपायुक्त अपूर्व देवगन सहित पंचायती राज संस्थाओं के नव निर्वाचित प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व भारी संख्या में स्थानीय पंचायत क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
73 शिकायतों में से 29 का किया निपटारा
सत्ती ने कहा कि जनमंच में 73 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 29 का निपटारा किया जा चुका है, शेष शिकायतों के निपटारे के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त 66 विभिन्न मांगों के आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 18 का निपटारा कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त आज मौके पर 15 शिकायतें तथा 38 मांगें प्राप्त हुई हैं। सत्ती तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों, विकास योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारम्भ किया व अवलोकन करने के उपरान्त सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
