शिमला। हिमाचल में कोरोना वायरस से आज एक और मरीज की मौत हो गई। यह मौत शिमला जिले में हुई। यहां 53 वर्षीय महिला की मौत हुई है। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 976 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस के 83 नए मामले पाजिटिव आए हैं। कांगड़ा जिले में 34, ऊना में 14, मंडी में 11, चंबा व शिमला में 6-6, सिरमौर में 5, बिलासपुर में 4, कुल्लू में 2 और सोलन जिले में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है।
राज्य में कोरोना वायरस के कुल 58076 हो चुके हैं। इनमें से अब तक 56600 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को 49 मरीज ठीक हुए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के 488 एक्टिव केस हैं। इस बीच, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नर्सिंग कॉलेज पालमपुर में एक साथ 30 प्रशिक्षु नर्सों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे कॉलेज प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। वहां तीन दिन पहले भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए थे। वहीं, एहतियातन कॉलेज में सभी प्रशिक्षु नर्सों व स्टाफ की कोरोना जांच की गई है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में 18 से 25 वर्ष उम्र तक की प्रशिक्षु नर्सें शामिल हैं। जिन्हें कॉलेज में ही आइसोलेट किया गया है। मंडी जिले में तीन अध्यापकों समेत 11 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
