रिकांगपिओ। उपायुक्त किन्नौर हेमराज बैरवा ने बुधवार को रिकांगपिओ में कोविड-19 का स्वयं टीका लगाकर कोविड टीकाकरण के दूसरे चरण का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि जिले में दूसरे चरण में 2400 कोरोना योद्धाओं को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। जो एक माह की भीतर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनमें राजस्व विभाग के ऐसे अधिकारी व कर्मचारी शामिल है, जो अग्रणी पंक्ति में कार्य कर रहे थे। इसके अलावा दूसरे चरण में प्रधानों, उप-प्रधानों व पंचायतों में कार्यरत सचिवों का भी टीकाकरण किया जाएगा।
हेमराज बैरवा ने कहा कि प्रथम चरण में जिले में 1277 अग्रणी पंक्ति में कार्य कर रहे स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। जिसे 80 फीसदी से अधिक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि टीका लगाने से कोई भी विपरीत प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे टीकाकरण के लिए आगे आए।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण के तृतीय चरण में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला टीकाकरण के लक्ष्य को पूर्ण करेगा और इस से जिला के लोग कोविड-19 से सुरक्षित हो सकेगे। इस दौरान उप मण्डलाधिकारी कल्पा डाॅ. मेजर अवनींद्र कुमार, तहसीलदार कल्पा विवेक नेगी व राजस्व विभाग के कर्मचारियों सहित पंचायत प्रधानों ने भी टीका लगवाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने बताया कि प्रथम चरण में छूटे गए कर्मचारियों को 12 फरवरी 2021 को भावानगर, रिकांगपिओ, पूह व सांगला में टीकाकरण किया जाएगा, ताकि प्रथम चरण के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
