शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि चैरी और सेब सीजन को देखते हुए सरकार पेटियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित बनाए। यही नहीं, राज्य से बाहर जो भी लोग फंसे हैं, उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल सीएम जयराम ठाकुर से मिला और कई मांगें उनके समक्ष रखी। राठौर के साथ विधायक व पार्टी महासचिव विक्रमादित्य सिंह और नंद लाल व मोहन लाल ब्राक्टा भी थे। इस प्रतनिधिमंडल ने मांग की कि सरकार को लॉकडाउन के बाद की स्थिति को लेकर अभी से आवश्यक कदम उठाने चाहिए और किसानों और बागवानों की दिक्कतोंं को समझते हुए हर आवश्यक कदम उठाना चाहिए। उधर, राठौर ने आज यहां वीडियो प्रेस कांफ्रेंस भी की। इस दौरान राठौर ने कहा कि विपक्ष के नाते कांग्रेस का कोरोना की जंग में पूरा साथ है, लेकिन भाजपा सरकार को विपक्ष के सुझावों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मामले पर खुद राजनीति करने का प्रयास करती है, लेकिन कांग्रेस फिर भी उन्हें कुछ नहीं कह रही। उन्होंने कहा कि हिमाचल से बाहर जो भी हिमाचली फंसा है, उन्हें वापस लाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सीएम से मुलाकात में उन्होंने मांग की कि होटल उद्योग से जुड़े कारोबारियों को राहत देते हुए उनके बिजली व पानी के बिल या तो माफ किए जाएं या फिर इनका शुल्क घरेलू दरों पर लिया जाए। साथ ही इनके होटलों की ईएमआई को स्थगित करना चाहिए। राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री से चैरी और सेब व अन्य फलों के लिए समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग भी की। साथ ही कहा कि इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जाए, जो मौजूदा हालात को देखते हुए इस पर आवश्यक कदम उठा सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में किसानों और बागवानों को राहत दी जानी आवश्य है। उन्होंने कहा कि इस दौरान यह मांग भी की गई कि गरीब वर्ग का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए और उनकी रोजी-रोटी पर आए संकट को मदद देकर दूर किया जाए। उन्होंने मांग की कि गरीबों को मुफ्त में राशन दिया जाए और इसका लाभ उन्हें भी मिले, जिनके पास राशनकार्ड नहीं है। साथ ही सभी गरीबों को 7500 रूपए की आर्थिक मदद भी दी जाए और यह राशि उनके खातों में डाली जाए।
