शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों का आह्वान किया है कि वे देश की एकता व अंखडता के लिए एकजुट होकर आगे आएं। उन्होंने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को बचाने की एक बड़ी लड़ाई लड़नी है और देश की धर्मनिरपेक्षता और अस्मिता को बचाना है। वे शनिवार को युवा कांग्रेस के तीन दिवसीय ट्रेनिंग कैंप का शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर शुरू हुए इस युवा क्रांति के आयोजन पर राठौर ने कहा कि हमें बापू के दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश की अवसरवादी ताकतों से एकजुट होकर लड़ना है और देश को इनसे बचाना है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें पूरा करना है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस, भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ रही है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्त करवाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है, जिसे मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। उन्होंने युवा कांग्रेस को किसी भी गुटबाजी के प्रति सचेत करते हुए कहा कि आज उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करना है, जो देश के लोगों के अधिकारों की एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है और इसे हमें बचाना है।
राठौर ने युवा कांग्रेस के इस ट्रेनिंग कार्यक्रम को बहुत ही उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पार्टी कार्यकर्ताओं के ज्ञान में तो वृद्धि होती ही है, साथ में आपसी मेलजोल भी बढ़ता है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस ट्रेनिंग विभाग के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, प्रदेश कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमरजीत सिंह लाली, सीताराम लाम्बा, संदीप सिंह, अक्षय सबरवाल, चेतन्य कृष्णा रेड्डी, पृथ्वी राज सिंह, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, एनएसयूआई अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर के अतिरिक्त युवा कांग्रेस के ट्रेनर्स उपस्थित थे।
