शिमला। हिमाचल प्रदेश में रविवार को कोरोना संक्रमण से दो और मरीजों की मौत हो गई। ये मौतें कांगड़ा और मंडी जिलों में हुई है। कांगड़ा जिले में 69 वर्षीय व्यक्ति की इस वायरस से मौत हुई है, जबकि मंडी में 70 वर्षीय पुरूष ने इस संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना वायरस से हुई मौत का आंकड़ा बढ़कर 961 हो गया है। उधर, प्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस के 21 नए मामले आए हैं। इनमें शिमला में 8, कांगड़ा में 6, सोलन में 4, चंबा में दो और कुल्लू में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना वायरस के कुल 57210 मामले हो चुके हैं और इनमें से अब तक 55797 मरीज ठीक हो चुके हैं। रविवार को 52 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस के 436 एक्टिव केस रह गए हैं।
