शिमला। पर्यटन नगरी शिमला के समीप कुफरी में स्की पार्क विकसित होगा। यह पार्क 250 करोड़ रुपये की लागत से 5.04 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।। इसमें इंडोर स्की पार्क, पैलेटियल माॅल, पांच सितारा होटल, एम्यूजमेंट पार्क, गेमिक जाॅन, फूड कोर्ट, शाॅपिंग आर्केड और अन्य सुविधाओं के अलावा 1000 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में प्रदेश सरकार और नाग सन्ज डेवेलपर के मध्य एमओयू साइन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के प्रमोटरों को हिमाचल प्रदेश में भारत का पहला स्की पार्क विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को भारत में पर्यटकों का सबसे पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए प्रयासरत है और प्रदेश को पर्यटन मित्र बनाने के लिए अन्तरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान कर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना से कुफरी क्षेत्र में 12 महीने पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलने के अलावा पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी तथा शिमला और आस-पास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां सृजित होंगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से लगभग 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इस मेगा परियोजना के प्रमोटर और नाग सन्ज डेवेलपर के मालिक निशांत नाग ने कहा कि इस परियोजना की रचना इनफिनिटी डिजाइन स्टूडियो मुम्बई द्वारा की गई है और स्की दुबई एवं स्की इजिप्ट अनलिमिटेड स्नो नीदरलेंड मेकर्ज द्वारा क्रियान्वित की जाएगी। यह परियोजना मार्च, 2021 में शुरू होगी तथा अप्रैल, 2022 क्रियशील होनी अपेक्षित है। प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा और निदेशक पर्यटन यूनुस भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
