Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को पार्टी का 136वां स्थापना दिवस मनाया। शिमला में पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांग्रेस पार्टी का ध्वज फहराया और कांग्रेस सेवादल के मार्च पास्ट की सलामी ली। वहीं, उन्होंने कांग्रेस सेवादल की तिरंगा यात्रा में भी भाग लिया। इस मौके पर राठौर ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश को आजाद करवाने में कांग्रेस ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके नेताओं ने देश की एकता और अखंडता को अपने बलिदान से सींचा है।
राठौर ने कांग्रेस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के दिन 28 दिसम्बर 1885 को ब्रिटिशराज के दौरान एओ ह्यूम ने इसकी नींव रखी थी, जिसे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि 1947 में आजादी के बाद कांग्रेस भारत की एक प्रमुख राजनैतिक पार्टी बनी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की सात प्रधानमंत्री दिए, जिनकी वजह से देश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ। राठौर ने कांग्रेस के पूर्व नेताओं को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी व पीवी नरसिम्हा राव के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने देश को जो एकता व भाईचारे का मार्ग दिखाया था, आज भी कांग्रेस उसी पथ पर आगे बढ़ रही है। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव आनंद कौशल, सुशांत कपरेट, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता के अतिरिक्त एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *