Spread the love

शिमला। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन समर्थन में 8 दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद का कांग्रेस ने समर्थन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में देश के किसानों के 8 दिसम्बर के प्रस्तावित भारत बंद का आमजन से पूरा समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा है कि देश के किसानों पर थोपे गए नए कृषि कानूनों का कांग्रेस पहले से ही विरोध करती आई है और 8 दिसम्बर के किसानों के प्रस्तावित भारत बंद का कांग्रेस पुरजोर समर्थन करती है।
राठौर ने रविवार को यहां कहा कि कांग्रेस देश के किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने जिस प्रकार देश के किसानों को अपनी मांगों के लिए दिल्ली जाने से रोकने के लिए उन पर आंसू गैस, लाठियां भांजी, पानी की बौछारें कर उन्हें रोकने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आज भी यह किसान सीमा पर बैठ कर सरकार से इन काले कानूनों को रद्द कर वापसी लेने की शांतिपूर्ण तरीके से मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ अब तक कि केंद्र सरकार की बैठकों में कोई निर्णय न लिया जाने से साफ है कि वह किसानों के प्रति कोई सकारात्मक सोच नहीं रखती।

राठौर ने कहा कि इन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस ने एक लाख से अधिक प्रदेश से किसानों का एक हस्ताक्षर अभियान चलाया था। यह सब हस्ताक्षर अखिल भारतीय कांग्रेस के द्वारा देश के राष्ट्रपति को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इन नए कृषि कानूनों के विरोध में अक्टूबर माह में मंडी में एक बड़ा किसान सम्मेलन आयोजित किया था, जबकि हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा व सिरमौर जिला में किसानों की एक बड़ी ट्रेक्टर रैली आयोजित कर इस कानून का विरोध प्रदर्शन किया था। इससे किसानों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। राठौर ने प्रदेश के सभी कांग्रेस पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ साथ सभी पार्टी संगठनों, विभागों से किसानों के इस भारत बंद को अपना पूरा समर्थन देने व इसमें शामिल होने का आग्रह किया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *