Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में कोरोना के कारण लॉक डाउन से हुए प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटने में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि प्रशासन भाजपा सरकार के दबाव में काम कर रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि एक तरफ प्रशासन उन को राहत सामाग्री बांटने से रोक रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा को इसकी खुली अनुमति दी गई है।
कांग्रेस आपदा प्रबंधन सैल के प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि उन्हें प्रदेश के अनेक स्थानों से पार्टी के लोगों की यह शिकायतें मिल रही हैं कि लोगों की मदद किए जाने पर उन्हें प्रशासन द्वारा यह कह कर रोका जा रहा है कि कोई भी सहायता प्रशासन के द्वारा ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मदद करने तो रोक रहा है, लेकिन दूसरी ओर भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की किट वितरण कर रही है और उन्हें नहीं रोका जा रहा। इससे साफ है कि वह कोरोना की जंग में भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।
हिमराल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह राहत कार्य कम और इसका झूठा प्रचार ज्यादा कर रही है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के सामने लोगों के रोजी-रोटी की एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इसलिए सरकार को बगैर किसी भेदभाव के एक समान सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भी देखा व पाया जा रहा है कि पार्टी से जुड़े लोगों की तो खुलकर मदद की जा रही है, जबकि अन्य लोगों को लटकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह समय किसी राजनीति का नहीं है। इसलिए राहत कार्यों में किसी की भी सहभागिता से किसी भी स्तर पर नहीं रोका जाना चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *