Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने सभी को ‘संविधान दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर भारतीय इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना है। भारत का संविधान वह ताक़त है जो इस देश को एक और अखंड रखने के साथ एक नए भारत के निर्माण की बुनियाद भी तैयार करता है।
कश्यप ने कहा कि विविधताओं से भरे भारत को जोड़ने के लिए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर समेत देश के संविधान निर्माताओं की जो भूमिका रही है, उसे यह देश कभी नहीं भूलेगा। हम सभी अपने कर्तव्यों का निष्ठा पूर्वक पालन करें, हमारा संविधान भी हमें यही निर्देश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अंतिम शब्द हैं कि हम दृढ़ संकल्प होकर, इस संविधान को ‘आत्मार्पित’ करते हैं। यानी सबसे पहले इसका पालन हम स्वयं करेंगे, फिर औरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। यह संविधान की भावना है। इसी का हमें ध्यान रखना है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि आज सभी जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन भी सुना और बूथ स्तर तक इस उद्बोधन के विशेष बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 27 नवम्बर से 6 दिसंबर तक संविधान दिवस को लेकर बुद्धिजीवी सम्मेलनों का आयोजन भी करने जा रही है, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं को संविधान के विशेषज्ञ का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में भी भाजपा पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन को सुना। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *