Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना महामारी भयंकर रूप धारण चुकी है और प्रदेश सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना महामारी से निपटने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक 30740 केस आ चुके हैं, जिनमें 6778 एक्टिव केस हैं। अभी तक 450 से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की वजह से मौत का शिकार हो चुके हैं। पिछले तीन दिनों में ही प्रदेश में 1410 नये मामले सामने आए हैं और 37 लोगों की मौत हुई, जोकि हमारे लिए गंभीर चिंता की बात है। 
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गये कोविड सेंटर पूरी तरह भर चुके हैं और अब मरीजों को दूसरे वार्डों में भेजा जा रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा और अधिक बढ़ गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुये कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। हालात यह है कि इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज शिमला में 2 डाक्टर 100 मरीजों की देखरेख कर रहे हैं। रिपन अस्पताल में भी डाक्टरों की कमी है। उन्होंने कहा कि सरकार के कोविड सेंटरों में मरीजों के लिए कोई सुविधा नहीं दी जा रही है तथा उपकरणों की भारी कमी है।

राठौर ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 भयंकर रूप ले चुका है, लेकिन प्रदेश सरकार इस पर गंभीर नहीं है। प्रदेश सामुदायिक संक्रमण की ओर तेजी से बढ़ रहा है तथा कोविड अस्पतालों में उपकरणों व आवश्यक सुविधाओं की भारी कमी है। फिर भी सरकार इस पर गंभीरता से कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार घोषणा करती है कि संक्रमण को रोकने के लिए शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भारी भरकम जनसमूह एकत्रित कर सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने सरकार पर कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाया और कहा कि सरकार के निर्णयों में ही विरोधाभास है।

कांग्रेस ने लिखा सीएम को पत्र 

कुलदीप राठौर ने कहा कि कोविड-19 के कारण प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। इसमें इस महामारी से निपटने के लिए सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी सरकार को प्रदेश की सीमाएं खोलने से पहले आगाह किया था कि पुरी सावधानी के साथ ही प्रदेश में सैलानियों व बाहरी राज्यों से आने वाले मजदूरों को प्रवेश करने की व्यवस्था की जानी चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार ने कांग्रेस की बातों को नज़रअंदाज़ किया और आज प्रदेश के लोग सरकार की उपेक्षा के कारण गंभीर परिणाम भुगत रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि आज हिमाचल में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के मुख्यमंत्री की पीठ थपथपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से कोरोना संक्रमण की वस्तुस्थिति को छुपा रही है। राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पत्र में सरकार से तुरंत उचित कदम उठाने की मांग की है और कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्ण सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कोरोना काल में हिमाचल प्रदेश में मजदूरों, गरीबों, प्रवासी मजदूरों सहित हर वर्ग की हर सम्भव मदद की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *