शिमला। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस से 12 और मरीजों की मौत हो गई। मंडी जिले में चार, शिमला व कुल्लू में 3-3, कांगड़ा और चंबा में एक-एक मरीज की इस संक्रमण के कारण मौत हुई है। उधर, कुल्लू के पूर्व विधायक चंद्र सेन ठाकुर की भी कोरोना संक्रमण से मौत हुई है।
आईजीएमसी अस्पताल शिमला और डीडीयू अस्पताल शिमला में कोरोना संक्रमण से पीड़ित तीन मरीजों की मौत हुई है। कुल्लू जिले के निरमंड के 23 वर्षीय युवक, शिमला जिले के रोहड़ू के 19 वर्षीय युवक, शिमला जिले के ही 67 वर्षीय बुजुर्ग की इस संक्रमण से मौत हो गई। वहीं, मंडी जिले में चार मरीजों की मौत हुई है। इनमें से 5- वर्षीय व्यक्ति के अलावा 70, 84, 70 वर्षीय तीन बुजुर्ग महिलाओं की भी मौत हुई है। वहीं, धर्मशाला अस्पताल में भरमाट पालमपुर के 48 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हुई है। साथ ही चंबा जिले में भी 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। इसके साथ ही अब राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 455 मरीजों की मौत हुई है।
