कैंपस महासचिव से प्रदेश अध्यक्ष तक तय किया सफर, संगठन को मजबूत करने और विस्तार देने की जताई प्रतिबद्धता
शिमला। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के संगठनात्मक चुनावों में मंडी जिला के सुंदरनगर से संबंध रखने वाले अनित जसवाल हिमाचल प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले वह एनएसयूआई जिला मंडी के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद अनित जसवाल ने शिमला में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर और प्रवीण मिन्हास का भी धन्यवाद किया।
अनित जसवाल ने एनएसयूआई के सभी कैंपस अध्यक्षों का आभार जताते हुए नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
अनित जसवाल ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर से की थी। वर्ष 2021 से 2023 तक उन्होंने कॉलेज में कैंपस महासचिव, 2023 से 2024 तक कैंपस अध्यक्ष, 2024 से 2025 तक जिला उपाध्यक्ष और 2025 से 2026 तक एनएसयूआई जिला मंडी अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और आशीर्वाद से एक सामान्य परिवार का युवा आज इस पद तक पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में एनएसयूआई को प्रदेशभर में मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने के लिए काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए संगठन की ओर से प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर एनएसयूआई के नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव रोहित कुमार और राहुल ठाकुर, जिला शिमला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अवेश सुरान, संजौली महाविद्यालय के कैंपस अध्यक्ष संजय सरवान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
